फाजिल्का: फाजिल्का जिले के गांव कुलार के एक युवक ने बीती शाम अपने ही गांव के वाटर वर्क्स डिग्गी में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक आर्मी पेपर की तैयारी कर रहा था। मृतक की पहचान संजीव कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संजीव की कुछ युवकों ने पिटाई कर दी थी। इसी से दुखी होकर उसने यह कदम उठाया।
जानकारी के मुताबिक मृतक संजीव कुमार के चाचा विपन ने बताया कि उनका भतीजा गांव में बनी लाइब्रेरी में पढ़ता था। जहां बड़ी संख्या में गांव के बच्चे पढ़ने आते हैं। कल शाम कुछ लोगों ने उसे बुरी तरह पीटा। जिसके बाद उसके भतीजे ने वाटर वर्क्स की डिग्गी में कूदकर आत्महत्या कर ली।
परिवार के सदस्यों का कहना है कि लाइब्रेरी में वास्तव में क्या हुआ था। इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है। लेकिन बाद में कहा जाने लगा कि कुछ लोग संजीव पर गांव की एक लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगा रहे थे, जिसके परिवार वालों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे दुखी होकर उसने यह कदम उठाया।
लेकिन मृतक के परिजनों का कहना है कि युवक द्वारा जान देने के बाद संजीव पर लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया है। मृतक का परिवार न्याय की मांग कर रहा है। थाना बहाववाला पुलिस ने मृतक के शव को सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस उसके बयानों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।