Elleen News

Hot News

जालंधर में बड़ी वारदात, पति ने परिवार के साथ मिलकर की पत्नी की हत्या

जालंधर: जालंधर के गांव माधोपुर में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां एक शख्स ने अपने परिवार के साथ मिलकर अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। फिर खुद ही इलाज करवाने के लिए उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंच गए। दरअसल उन्होंने हत्या को सुसाइड दिखाने की कोशिश की। लेकिन जब डॉक्टर ने महिला को चेक किया तो सारी पोल खुल गई। मृतका की पहचान भोगपुर के गांव माधोपुर की रहने वाली पूनम के रूप में हुई है।

डॉक्टर्स ने सारी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो हत्या का खुलासा हुआ। पूनम के गले पर सुसाइड वाले पैरामीटर जैसा कोई निशान नहीं था। बल्कि उसके गले पर गला दबाने का निशान बना हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पति और पिता को हिरासत में ले लिया। मामले की जांच कर रहे एएसआई कबूल सिंह ने बताया कि फिलहाल केस में दो आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है। जिनकी तलाश जारी है।

पूनम के पिता ओमकार सिंह ने पुलिस को बताया कि बेटी की शादी को करीब साढ़े चार साल हो चुके थे। शादी के दो साल बाद ससुराल वाले उनकी बेटी को प्रताड़ित करने लगे। पूनम ने पहले ही बताया था कि उसके पति का किसी दूसरी महिला के साथ अफेयर चल रहा है। इसके बाद धीरे-धीरे घर में झगड़ा शुरू हो गया। उन्होंने बताया कि पूनम ने अपने पति की करतूत के बारे में अपने सास-ससुर को भी बताया, लेकिन किसी ने उस पर ध्यान नहीं दिया। उलटा उसे तंग करना शुरू कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, पति परमजीत बंसल ने पहले गुस्सा कर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के वक्त आरोपी ससुर मोहन लाल बंसल, सास मनप्रीत कौर बंसल और जेठ मनोज कुमार भी मौके पर मौजूद थे। जब पूनम की सांस चलना बंद हो गई तो वह उसे लेकर अस्पताल पहुंच गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया व मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

पुलिस ने पति से पूछताछ की तो उसने माना कि पूनम की हत्या उसने की है। पुलिस ने इसे लेकर हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

Translate »