Elleen News

Hot News

LPU के लॉ गेट के पास मामूली विवाद के बाद चली गोलियां, एक युवक घायल; पुलिस जांच में जुटी

जालंधर: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के लॉ गेट के पास गोलियां चलने की खबर सामने आई है। इस घटना में सत्यम नाम का युवक घायल हो गया है। गोलीबारी की सूचना मिलते ही सतनामपुरा पुलिस थाने की पुलिस ने मौके पर जांच शुरु कर दी है।

इस संबंध में घायल सत्यम ने बताया कि वह अपने किसी दोस्त के जन्मदिन की पार्टी से वापस लौट रहा था। ग्रीन वैली एरिया के बाहर तीन बाइक्स पर सवार कुछ लड़कों ने उसके साथ विवाद शुरू कर दिया। जिसके बाद मनी नामक युवक ने गोलियां चला दी। इस गोलीबारी की घटना में सत्यम घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

घायल सत्यम की दाहिने बाजू में से गोली आर पार हो गई और दूसरी गोली उसके पेट को छू कर चली गई है। सत्यम की हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर जालंधर रेफर कर दिया गया है। सत्यम ने बताया कि मनी कुछ दिन पहले ही नाजायज हथियार रखने के जुर्म में कपूरथला जेल से बेल लेकर बाहर आया था।

इस मामले में महिला पुलिस अधिकारी रुपिंदर भट्टी ने कहा की आज सुबह उन्हें जानकारी मिली थी के एलपीयू लॉ गेट के पास बने पीजी में रहते लड़को का झगड़ा हुआ था। सूचना मिलने के बाद पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और 7 से 8 लोगों को राउंडअप कर हिरासत में लिया है। इस मामले को लेकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दी है और पुलिस को फायरिंग के खोल भी बरामद हुए हैं। इस झगड़े में एक युवक के बाजू पर गोली भी लगी है जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

Translate »