Elleen News

Hot News

जालंधर में काम से घर लौटते समय एक्टिवा सवार हादसे का शिकार, तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर; अस्पताल में मौत

जालंधर: जालंधर में एक्टिवा और कार की टक्कर में रविवार रात एक शख्स की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, नकोदर जालंधर हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार को टक्कर मार दी। घटना में एक्टिवा सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान लांबड़ा के गांव बशेशरपुर निवासी 45 वर्षीय सुरजीत सिंह के रूप में हुई है। लांबड़ा थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि पीड़ित अपनी एक्टिवा पर जालंधर के लांबड़ा के गांव बशेशरपुर लौट रहा था। इस दौरान जब वह जालंधर नकोदर हाईवे स्थित आलू अनुसंधान केंद्र के सामने सड़क पार करने लगा तो वह किसी वाहन की चपेट में आ गया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।

जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचे एएसआई सुभाष ने बताया- घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। जिसके बाद सबसे पहले रोड सेफ्टी फोर्स की टीमें मौके पर पहुंची। जिसके बाद लोगों की मदद से उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने एक्टिवा सवार को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जालंधर भेज दिया।

पुलिस ने घटना की सूचना देर रात मृतक के परिवार को दे दी थी। उनके अनुसार मृतक जालंधर की एक निजी कंपनी में बतौर सिक्योरिटी गार्ड काम करता था। रोजाना वह साढ़े 9 से 10 बजे तक घर आ जाता था। रात में काम से घर लौटते वक्त ये हादसा हो गया। पुलिस जल्द पारिवारिक सदस्यों के बयान दर्ज कर अगली कार्रवाई करेगी।

Translate »